Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-11

Seraikela News: अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक, सभी विभागों को राजस्व संग्रहण बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त के निर्देश पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व संग्रहण लक्ष्यों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों को राजस्व वृद्धि के नए स्रोत तलाशने और लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए अपर उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और राजस्व प्राप्ति की नियमित समीक्षा करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि आंतरिक संसाधनों में वृद्धि राज्य और जिले के विकास कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने की दिशा में गंभीरता से काम करे।

नगर निकायों को विज्ञापन से राजस्व बढ़ाने का निर्देश
नगर निकायों की समीक्षा के दौरान अपर उपायुक्त ने उपलब्ध स्थलों का चिन्हांकन कर विज्ञापन के दायरे का विस्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञापन शुल्क के माध्यम से राजस्व बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं, जिनका उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही अन्य संभावित राजस्व स्रोतों की पहचान कर आय बढ़ाने के प्रयास करने को कहा गया। परिवहन विभाग को अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा नियमित वाहन जांच अभियान चलाकर राजस्व संग्रहण बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

अवैध शराब कारोबार पर सख्ती बरते उत्पाद विभाग
उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाइसेंसी शराब दुकानों का औचक निरीक्षण करने, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री रोकने और बाहरी शराब की बिक्री पर नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्युत विभाग को बकाया वसूली अभियान तेज करने, घरेलू उपभोक्ताओं को वैध बिजली कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित करने तथा बड़े उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाकर बिजली चोरी के मामलों में कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

अवैध खनन और परिवहन पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान अपर उपायुक्त ने अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ नियमित निगरानी एवं जांच अभियान चलाने को कहा। उन्होंने राजस्व क्षति रोकने तथा विधिसम्मत खनन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। बैठक के अंत में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने सभी विभागों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, कर एवं शुल्क संग्रहण की नियमित मासिक समीक्षा तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण, संसाधन सुदृढ़ीकरण और प्रवर्तन कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !