Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मौसम लोगों को गर्मी से राहत दे सकता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
10 जिलों में भारी बारिश, कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी
रांची मौसम केंद्र के अनुसार दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
रांची-जमशेदपुर में भी बरसेंगे बादल, तापमान में आएगी गिरावट
राजधानी रांची में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं जमशेदपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश और बादलों की सक्रियता से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में कमी दर्ज हो सकती है।
15 से 17 जून के बीच मानसून की दस्तक के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि झारखंड में मानसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बन रही हैं। अनुमान है कि 15 से 17 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में प्रवेश कर सकता है। इससे पहले 12 से 14 जून के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।