Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-12

Seraikela News: 72 घंटे में लापता बुजुर्ग को घाटशिला से सरायकेला पुलिस ने किया सकुशल बरामद

Seraikela: सरायकेला-खरसावां पुलिस के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट मिलाप को एक और बड़ी सफलता मिली है। सीनी ओपी क्षेत्र से लापता हुए 57 वर्षीय लालबाबू मुखी को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। इस सफलता के बाद परिवार ने सरायकेला पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार, सीनी स्थित आरपीएफ कॉलोनी निवासी लालबाबू मुखी 9 जून को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने सीनी ओपी में उनकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर प्रोजेक्ट मिलाप के तहत तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घाटशिला में मिली लोकेशन
सीनी ओपी पुलिस और तकनीकी शाखा की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न इनपुट के आधार पर लालबाबू मुखी की लोकेशन पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और लालबाबू मुखी को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। कई दिनों से परेशान परिवार ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।

दर्जनों परिवारों को मिल चुकी है राहत
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट मिलाप के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। सूचना मिलते ही आधुनिक तकनीक, स्थानीय नेटवर्क और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से खोज अभियान चलाया जाता है, जिससे कम समय में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। बता दें कि सरायकेला पुलिस का प्रोजेक्ट मिलाप अब तक दर्जनों लापता लोगों को उनके परिवारों से मिलाने में सफल रहा है। पुलिस की इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई से आम लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !