Giridih News: गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत खावा पंचायत के परयाना गांव में गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 40 वर्षीय पंकज मिश्रा शराब के नशे में 33 हजार केवी विद्युत टावर पर चढ़ गया। बताया जाता है कि वह करीब 70 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया था, जबकि बिजली लाइन चालू थी। टावर पर युवक को चढ़ा देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही खावा पंचायत के मुखिया मोहन मंडल ने पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। हालांकि नशे में होने के कारण वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
टावर पर बैठकर करता रहा शराब की मांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टावर पर चढ़ने के बाद युवक अजीब व्यवहार कर रहा था और लगातार शराब की मांग कर रहा था। पुलिस और ग्रामीण काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। इस दौरान टावर के नीचे लोगों की भीड़ बढ़ती गई और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
डेढ़ घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ से स्थिति संभाली। कुछ देर बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरने लगा और सुरक्षित जमीन पर पहुंच गया।
पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और लगातार शराब की मांग कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार चालू 33 हजार केवी विद्युत टावर पर चढ़ना बेहद जोखिम भरा था और जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। पुलिस की सतर्कता, संयम और लगातार निगरानी के कारण युवक की जान बच गई। उसके सुरक्षित नीचे उतरने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।