Jamshedpur: जुगसलाई की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना, दहेज मांगने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसे लेकर वह लगातार थाना से लेकर वरीय पुलिस अधिकारियों के कार्यालय तक चक्कर लगा रही है। पीड़िता तेजेंद्र कौर ने अपने पति सुखविंदर सिंह, सास हरजीत कौर और ससुर बलजीत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि 20 मई को उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद उन्होंने जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रेम संबंध के बाद हुई थी शादी
तेजेंद्र कौर ने अपनी शिकायत में बताया है कि वर्ष 2012 में वह हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। वहीं उनकी पहचान सहकर्मी सुखविंदर सिंह से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और लंबे समय तक संबंध में रहने के बाद 11 नवंबर 2016 को साकची गुरुद्वारा में विवाह हुआ। पिता के निधन के कारण विवाह की जिम्मेदारी उनके बड़े भाई और मां ने निभाई थी। महिला का आरोप है कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उन्होंने कहा कि समय-समय पर उनके साथ मारपीट भी की जाती रही।
प्रभावशाली लोगों के दबाव का आरोप
पीड़िता का कहना है कि पहले भी कई बार विवाद और प्रताड़ना की घटनाएं हुईं, लेकिन परिवार के परिचित और प्रभावशाली लोगों के हस्तक्षेप के कारण मामला शांत हो जाता था। हालांकि समय के साथ अत्याचार बढ़ता गया। महिला ने आरोप लगाया कि अब आर्थिक और सामाजिक प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और इसी वजह से कार्रवाई में देरी हो रही है। महिला ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं मामले को लेकर पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल पीड़िता न्याय मिलने की उम्मीद में लगातार अधिकारियों के संपर्क में बनी हुई है।