Jamshedpur News : स्टील सिटी युवा संसद (लोकसभा) “संवाद” का दो दिवसीय आयोजन 12 और 13 जून 2026 को बिष्टुपुर स्थित क्लब हाउस, क्यू रोड में किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश की परीक्षा प्रणाली से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर युवा प्रतिभागी विचार-विमर्श करेंगे।
परीक्षा सुधार और भर्ती प्रक्रियाओं पर होगा मंथन
इस वर्ष युवा संसद का मुख्य एजेंडा NEET-UG संकट तथा CBSE की ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन (OSM) प्रणाली से जुड़ी विसंगतियों पर केंद्रित है। इसके साथ ही प्रश्नपत्र लीक की बढ़ती घटनाओं, सार्वजनिक भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी तथा डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था की प्रभावशीलता और पारदर्शिता जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। उद्घाटन समारोह 12 जून को सुबह 11 बजे तथा समापन समारोह 13 जून को शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी होंगे शामिल
कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो तथा धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अर्नब मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना और समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का आयोजन “संवाद” टीम द्वारा किया जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी 9431172243 पर संपर्क कर सकते हैं।