Ranchi News : लोहरदगा के कथित सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) अनियमितता मामले में सिमडेगा के जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) महेंद्र प्रसाद जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। मामले में कार्रवाई की आशंका के बीच उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। सूत्रों के अनुसार, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जल्द ही उनसे पूछताछ कर सकती है।
कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी का आरोप
जांच में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन पदस्थापना के दौरान महेंद्र प्रसाद ने एक कंपनी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर सीटीओ की अवधि बढ़ाई थी। आरोप यह भी है कि इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक स्वीकृति नहीं ली गई, जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अभियोजन स्वीकृति के बाद बढ़ी जांच की रफ्तार
मामले में अभियोजन स्वीकृति मिलने के बाद एसीबी ने जांच की गति तेज कर दी है। एजेंसी दस्तावेजों की पड़ताल और साक्ष्यों के संग्रह में जुटी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे महत्वपूर्ण कार्रवाई की जा सकती है।