Bokaro News : बालीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाइन होटल और जनरल स्टोर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बियर बरामद की है। देर रात हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के समीप स्थित एक लाइन होटल में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने रेलवे फाटक के पास स्थित अमर लाइन होटल और उसके बगल में संचालित सुमित्रा जनरल स्टोर पर एक साथ छापेमारी की।
264 बोतल अंग्रेजी शराब और 101 बियर बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न ब्रांडों की 264 बोतल अंग्रेजी शराब और 101 बोतल एवं केन बियर बरामद की। जब संचालकों से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया।
होटल मैनेजर और दुकानदार गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान अमर लाइन होटल के मैनेजर अविनाश सिंह और सुमित्रा जनरल स्टोर के संचालक सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध शराब का कारोबार कब से संचालित हो रहा था तथा इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। हेडक्वार्टर डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।