Chaibasa: टाटा-चाईबासा मुख्य सड़क पर स्थित आयता चौक के समीप शुक्रवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में दो स्कूली बच्चियां घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयता गांव की रहने वाली 7 वर्षीय अनुष्का पान और 8 वर्षीय लवली तांती सुबह स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। दोनों छात्राएं स्कूल बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद कार ने बच्चियों को मारी टक्कर
हादसे में ट्रेलर की टक्कर लगने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी दोनों बच्चियों से जा टकराई। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दोनों छात्राएं घायल होकर सड़क पर गिर गईं। घटना की तस्वीरें पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान अनुष्का पान के सिर और सीने में गंभीर चोट की पुष्टि की। उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया। वहीं लवली तांती को हल्की चोटें आई हैं और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। नाराज लोगों ने मुख्य सड़क पर आवागमन रोक दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद सड़क से जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने संबंधित वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आयता चौक के आसपास यातायात सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।