Chaibasa Road Accident: पश्चिमी सिंहभूम के टाटा चाईबासा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. आयता चौक के पास स्कूल जाने के लिए खड़ी दो मासूम छात्राएं दुर्घटना की चपेट में आ गईं. हादसे में दोनों बच्चियां घायल हो गईं, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया. घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और मुख्य सड़क पर करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही.
स्कूल जाने की तैयारी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक आयता गांव की रहने वाली 7 वर्षीय अनुष्का पान और 8 वर्षीय लवली तांती सुबह करीब साढ़े छह बजे आयता चौक के पास एक होटल के नजदीक स्कूल बस का इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर और चौक से होटल की तरफ मुड़ रही कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और दोनों बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, एक छात्रा को जमशेदपुर भेजा गया
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायल बच्चियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जांच के दौरान अनुष्का पान के सिर और छाती में गंभीर चोट मिलने की पुष्टि हुई. डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं लवली तांती को मामूली चोटें आई हैं और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
सड़क हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने टाटा चाईबासा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक के साथ मारपीट भी की.
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया. काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका. ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है.
सुबह स्कूल जाने निकली दो मासूम बच्चियों के साथ हुए इस हादसे ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई. अब स्थानीय लोग जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.