Ranchi News: रांची सिटी के वरीय डीएसपी के पूर्व रीडर और घूसखोरी के आरोपी सिपाही सुनील पासवान से जुड़े मामले में शुक्रवार को एसीबी की विशेष अदालत में सुनवाई हुई. हालांकि अभियोजन स्वीकृति प्राप्त नहीं होने के कारण मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया नहीं बढ़ सकी. अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 18 जून की तारीख निर्धारित की है. आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है.
दहेज प्रताड़ना केस में राहत दिलाने के बदले मांगी थी रिश्वत
मामला दहेज प्रताड़ना के एक केस से जुड़ा है. आरोप है कि रांची सिटी डीएसपी कार्यालय में रीडर के पद पर तैनात सिपाही सुनील पासवान ने एक आरोपी को मामले में राहत दिलाने और केस को कमजोर करने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए उसे 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था.
पीड़ित की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई
रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र निवासी मिथुन कुमार ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बड़े भाई और वनरक्षी जितेंद्र कुमार के खिलाफ दर्ज दहेज प्रताड़ना मामले में मदद करने के एवज में सुनील पासवान ने 40 हजार रुपये की मांग की थी. बाद में सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ.
सत्यापन में सही पाए गए आरोप
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया. जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए. इसके बाद 15 अक्टूबर 2025 को एसीबी थाना, रांची में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया.