Tata Steel Wage Revision: टाटा स्टील के जमशेदपुर संयंत्र में चल रही वेतन पुनरीक्षण (वेज रिवीजन) प्रक्रिया फिलहाल कुछ दिनों के लिए रुकी हुई है। कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच कई दौर की बातचीत के बाद अब अगले सप्ताह फिर से वार्ता होने की संभावना है। दोनों पक्ष इस महीने के भीतर समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में प्रयासरत हैं। वेतन समझौते को लेकर यूनियन ने एनएस ग्रेड कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) की प्रति प्वाइंट दर बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। हालांकि प्रबंधन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। इसके बावजूद यूनियन कर्मचारियों के लिए अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अन्य वित्तीय प्रावधानों पर जोर दे रही है।
एमजीबी और भत्तों पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, न्यूनतम गारंटीड बेनिफिट (एमजीबी) को आकर्षक बनाने और समझौते की अवधि सात वर्ष रखने पर चर्चा आगे बढ़ रही है। वहीं विभिन्न भत्तों को लेकर दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक सहमति बनने की जानकारी मिल रही है। माना जा रहा है कि कर्मचारियों को मिलने वाले भत्तों में इस बार उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। चर्चा है कि विभिन्न मदों में कुल बढ़ोतरी लगभग 3,500 से 4,000 रुपये तक हो सकती है। इसके अलावा कुछ नए भत्तों को भी पैकेज में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
एनएस ग्रेड कर्मचारियों को मिलेगा स्टैगनेशन लाभ
वार्ता में एनएस ग्रेड कर्मचारियों के लिए स्टैगनेशन बेनिफिट का मुद्दा भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक इस सुविधा को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन चुकी है। प्रस्ताव है कि पात्र कर्मचारियों को प्रत्येक चार वर्ष के अंतराल पर यह लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। यूनियन और प्रबंधन दोनों ही चाहते हैं कि लंबित वेज रिवीजन को जल्द अंतिम रूप दिया जाए। अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि अधिकांश महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बातचीत आगे बढ़ चुकी है और इसी महीने समझौते की घोषणा होने की संभावना है।
कलिंगानगर प्लांट के वेतन समझौते पर भी बातचीत तेज
इधर, टाटा स्टील के कलिंगानगर संयंत्र के कर्मचारियों का वेतन समझौता भी काफी समय से लंबित है। वहां के कर्मचारियों का नया वेतन समझौता जनवरी 2025 से प्रभावी होना है, लेकिन अभी तक अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। कलिंगानगर वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधि भी जमशेदपुर पहुंचकर प्रबंधन के साथ बातचीत में शामिल हो रहे हैं। करीब तीन हजार कर्मचारियों वाले इस प्लांट के लिए भी जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है। चर्चा है कि जमशेदपुर और कलिंगानगर दोनों इकाइयों के वेतन समझौते को एक साथ अंतिम रूप देने की दिशा में तैयारी चल रही है।