Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की, जिसमें जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक के दौरान एसपी ने जिले में चल रहे अवैध नशा कारोबार पर चिंता जताते हुए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अफीम, पोस्ता, डोडा तथा अवैध शराब की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित छापेमारी और खुफिया निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सारंडा क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर विशेष नजर
समीक्षा बैठक में नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा बलों को संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान तेज करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उग्रवाद से जुड़े तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और अभियान को और मजबूत बनाया जाए। बैठक में विभिन्न थानों और न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुराने मामलों की जांच में तेजी लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
बेहतर समन्वय के साथ काम करने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को आपसी तालमेल और समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी इकाइयों को एकजुट होकर काम करना होगा। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों की अपराध स्थिति, पुलिस कार्रवाई और आगामी रणनीतियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।