Tata Steel Tinplate Wage Revision: टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन को लेकर लंबे समय से चल रही बातचीत आखिरकार सफल रही। कंपनी प्रबंधन और मान्यता प्राप्त टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के बीच नए वेतन समझौते पर सहमति बन गई है। इस समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतनमान, भत्तों और अन्य सुविधाओं में संशोधन किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा। नए समझौते के दायरे में कुल 860 कर्मचारी आएंगे। इनमें पुराने वेतनमान (ओल्ड सीरीज) के 457 और नई सीरीज (एनएस) के 403 कर्मचारी शामिल हैं। समझौते के अनुसार ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों के लिए यह व्यवस्था अप्रैल 2024 से मार्च 2031 तक प्रभावी रहेगी, जबकि एनएस सीरीज के कर्मियों के लिए इसकी अवधि अप्रैल 2025 से मार्च 2032 तक निर्धारित की गई है।
एरियर भुगतान भी होगा
वेतन पुनरीक्षण लागू होने के साथ कर्मचारियों को बकाया राशि का भी लाभ मिलेगा। अप्रैल 2024 से मई 2026 तक की अवधि का एरियर संबंधित कर्मचारियों को दिया जाएगा, जिससे उन्हें एकमुश्त आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। समझौते के तहत पुराने ग्रेड के कर्मचारियों की कुल कॉस्ट टू कंपनी (CTC) में लगभग 19 हजार रुपये से अधिक की वृद्धि तय की गई है। वहीं एनएस सीरीज के कर्मचारियों को भी करीब 18 हजार रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त लाभ मिलेगा। हालांकि महंगाई भत्ता (डीए) की प्रति प्वाइंट दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पूर्व की तरह लागू रहेगी।
कई भत्तों में संशोधन
नए वेतन पैकेज में मूल वेतन वृद्धि के साथ विभिन्न भत्तों को भी शामिल किया गया है। कर्मचारियों को नाइट शिफ्ट, एलटीए, लीव इनकैशमेंट, हाउस रेंट, प्रमोशन बेनिफिट और अन्य मदों में अतिरिक्त लाभ मिलेगा। खास तौर पर शिक्षा सहायता भत्ता (एजुकेशन असिस्टेंस) को भी शामिल किया गया है, जिससे कर्मचारियों के परिवारों को राहत मिलेगी। प्रबंधन और यूनियन दोनों ने इस समझौते को कर्मचारियों और कंपनी के लिए सकारात्मक कदम बताया है। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, कार्यस्थल पर बेहतर माहौल बनेगा और औद्योगिक सौहार्द को मजबूती मिलेगी।
श्रम विभाग की मौजूदगी में हुआ समझौता
समझौते को श्रम विभाग की निगरानी में अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान कंपनी प्रबंधन और यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर इसे औपचारिक रूप से लागू करने की प्रक्रिया पूरी की। लंबे समय से वेतन पुनरीक्षण का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह समझौता बड़ी राहत लेकर आया है।