Ranchi News: रांची जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
जनगणना कार्य में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में जिले में चल रहे जनगणना कार्यों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से जनगणना कार्य पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन घरों में सर्वेक्षण के दौरान लोग अनुपस्थित मिले हैं या घर बंद पाए गए हैं, वहां दोबारा संपर्क स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए.
13 और 14 जून को लगेंगे विशेष मतदाता मैपिंग शिविर
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत 13 और 14 जून को आयोजित होने वाले विशेष मतदाता मैपिंग शिविर को लेकर भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए. उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) को प्रत्येक मतदान केंद्र पर समय पर कार्य प्रारंभ कराने और बीएलओ को सभी दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी देने को कहा.
मतदाता मैपिंग में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मतदाता मैपिंग कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, रिक्त एईआरओ पदों को भरने और सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही बीएलओ पर्यवेक्षकों को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 की स्थिति की भी समीक्षा की गई.
RTE के तहत चयनित बच्चों का हर हाल में हो नामांकन
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि प्रथम चरण की लॉटरी में चयनित सभी बच्चों का नामांकन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए.
मोहर्रम की तैयारियों पर विशेष फोकस
आगामी मोहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने समय पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विधि-व्यवस्था, पेयजल, सफाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दें.
राजस्व शिकायतों की होगी अलग समीक्षा
राजस्व संबंधी शिकायतों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए उपायुक्त ने कहा कि अगले सप्ताह इस विषय पर विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों में आवश्यक प्रतिवेदन और आरोप-पत्र तैयार कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
नए कर्मियों के पहचान पत्र जल्द बनाने का निर्देश
बैठक में हाल ही में पदस्थापित अधिकारियों और कर्मियों के पहचान पत्र निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी नए अधिकारियों और कर्मचारियों के पहचान पत्र जल्द तैयार कर उपलब्ध कराए जाएं. इसके अलावा कोषागार से जुड़े कार्यों, समाहरणालय परिसर में जलजमाव, जल निकासी, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा की गई.
पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर
बैठक के अंत में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने और सभी योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.