Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु स्थित सेल (SAIL) परिसर में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार रात अज्ञात बदमाशों ने मेंटेनेंस सिविल विभाग के स्टोर रूम को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद कर्मचारियों और ठेकेदारों में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार चोरों ने कार्यालय परिसर में मौजूद तीन अलग-अलग स्टोर रूम के ताले तोड़ दिए और वहां रखे कई जरूरी उपकरण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत 30 से 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
नए उपकरण भी नहीं बचे चोरों से
ठेकेदारों के मुताबिक हाल ही में खरीदी गई वेल्डिंग मशीन समेत कई मशीनें स्टोर में रखी गई थीं। चोर इन्हें भी अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामानों में कटर मशीन, ग्राइंडर, कॉपर केबल, एक्सटेंशन बोर्ड, पुराने पंखे और अन्य तकनीकी उपकरण शामिल हैं। घटना का पता शनिवार सुबह कर्मचारियों के पहुंचने पर चला। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस परिसर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। बीते कुछ वर्षों में कई बार कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सेंधमारी हो चुकी है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। लोगों का आरोप है कि परिसर में पर्याप्त निगरानी व्यवस्था का अभाव है।
हाल ही में कॉलोनी में भी हुई थी चोरी
इस घटना से पहले ठेकेदार कॉलोनी में भी चोरी का मामला सामने आया था, जहां एक मोबाइल फोन चोरी हो गया था। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से वह मोबाइल बाद में बरामद कर लिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कर्मचारियों, ठेकेदारों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और प्रबंधन से सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।