Gamharia: गम्हरिया थाना क्षेत्र के टीजीएस गेट के समीप शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा टकराई। हादसे में वाहन सवार कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 1:30 बजे की है। इनोवा कार (JH05 CU 8426) तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क के बीच स्थित स्ट्रीट लाइट के खंभे से जोरदार तरीके से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण कि कार के चारों टायर फट गए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार के चारों टायर फट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे सवार लोगों की जान बच गई और बड़ी जनहानि टल गई। घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी थी।
वाहन जब्त, हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा को जब्त कर थाने भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।