Gumla News: गुमला के चैनपुर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आंवराटोली लंगड़ामोड़ निवासी जावेद खान के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ किशोरी की मां ने 8 जून 2026 को चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जावेद खान उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर चला गया है.
पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी. केस दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी. पुलिस टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है. चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर जावेद खान को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नाबालिग किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया गया.
कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है. आरोपी के खिलाफ सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है.