Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-13

Ranchi News: रांची एयरपोर्ट ने तोड़ा अपना रिकॉर्ड, 87 करोड़ रुपये के मुनाफे के साथ यात्री संख्या भी बढ़ी

Ranchi News: झारखंड की राजधानी स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने वित्तीय प्रदर्शन के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. एयरपोर्ट ने वित्त वर्ष 2025-26 में 87.56 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है, जो अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन बताया जा रहा है.

एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार के अनुसार, लगातार बढ़ती यात्री संख्या, बेहतर सुविधाओं और आधारभूत संरचना में सुधार के कारण एयरपोर्ट की आय में बढ़ोतरी हुई है. वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 27 लाख यात्रियों ने रांची एयरपोर्ट से यात्रा की.

11 साल में चार गुना बढ़ी यात्रियों की संख्या
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि वर्ष 2014-15 में रांची एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या करीब 6.5 लाख थी, जो अब बढ़कर 27 लाख तक पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी राज्य में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन, व्यापार और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी को दर्शाती है.

लगातार बढ़ा एयरपोर्ट का मुनाफा
आंकड़ों के अनुसार रांची एयरपोर्ट ने वित्त वर्ष 2023-24 में 49.21 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था. इसके बाद 2024-25 में मुनाफा बढ़कर 64.60 करोड़ रुपये हुआ और 2025-26 में यह आंकड़ा 87.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, ऑपरेशनल क्षमता और राजस्व प्रबंधन में सुधार से यह सफलता मिली है.

आधुनिक सुविधाओं से मजबूत हुआ इंफ्रास्ट्रक्चर
पिछले वर्षों में एयरपोर्ट पर कई बड़े विकास कार्य किए गए हैं. इनमें नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर, DVOR और ILS सिस्टम, एप्रन विस्तार, पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज और सिक्योरिटी एरिया का विस्तार शामिल है. इन परियोजनाओं से यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ एयरपोर्ट की सुरक्षा और संचालन क्षमता भी बेहतर हुई है.

15 जून को मनाया जाएगा यात्री सुविधा दिवस
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 15 जून को "यात्री सुविधा दिवस" का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान यात्रियों की सुविधा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे. कार्यक्रम में पौधारोपण, स्थानीय संस्कृति और हस्तशिल्प का प्रदर्शन, बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे. इसके अलावा टैक्सी और ऑटो चालकों के लिए मुफ्त आंखों की जांच की व्यवस्था भी की जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !