Jamshedpur: मानगो थाना क्षेत्र के टैंक रोड स्थित एक आभूषण दुकान में रविवार सुबह चोरी की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान संचालक जब रोज की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और चोरी की आशंका जताई गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने दुकान में प्रवेश करने के लिए छत का सहारा लिया। बताया जा रहा है कि टीन की दोहरी परत को हटाकर और काटकर बदमाश अंदर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया।
चांदी के जेवर और नकदी पर किया हाथ साफ
दुकान मालिक जितेंद्र कुमार के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रविवार सुबह पहुंचने पर चोरी का पता चला। उनके मुताबिक करीब चार किलो चांदी के आभूषण गायब हैं। साथ ही कैश बॉक्स में रखे लगभग आठ हजार रुपये भी नहीं मिले। चोरों ने दुकान की तिजोरी खोलने का भी प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने के कारण उसमें रखे सोने के आभूषण बच गए। यदि तिजोरी टूट जाती तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है ताकि चोरी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।