Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत बड़ी संख्या में लाभुकों का भुगतान रोक दिया गया है. सामाजिक सुरक्षा विभाग के भौतिक सत्यापन में करीब 6700 लाभुक अपने दिए गए पते पर नहीं मिले हैं. विभाग ने ऐसे लाभुकों को फिलहाल लापता मानते हुए उनके खाते में राशि भेजने पर रोक लगा दी है.
विभाग के अनुसार योजना के लाभुकों के सत्यापन का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. सत्यापन के दौरान जिन लाभुकों के पते की पुष्टि नहीं हो सकी या जो योजना की पात्रता पूरी नहीं करते पाए गए, उनका भुगतान होल्ड किया जा रहा है.
प्रखंड स्तर से रोका जा रहा भुगतान
सामाजिक सुरक्षा विभाग ने मंईयां सम्मान योजना के सॉफ्टवेयर में बदलाव किया है. नई व्यवस्था के तहत अपात्र लाभुकों की पहचान होते ही प्रखंड स्तर से उनका भुगतान रोका जा रहा है. इसकी जानकारी जिला मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जा रही है.
2.86 लाख लाभुकों को जल्द मिलेगी राशि
वहीं जिले के करीब 2 लाख 86 हजार से अधिक पात्र लाभुकों के खाते में सोमवार से 2500-2500 रुपये भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है. यह राशि अप्रैल महीने की होगी. विभागीय आदेश मिलने के बाद मई महीने की राशि भी जारी की जाएगी. जिला प्रशासन के पास इसके लिए एक और महीने का आवंटन उपलब्ध है.
नए आवेदकों को पोर्टल खुलने का इंतजार
योजना के लिए पहले से जमा किए गए नए आवेदनों पर अभी विभाग की ओर से कोई नया निर्देश नहीं आया है. अधिकारियों के अनुसार पोर्टल खुलने के बाद ही नए आवेदनों की डाटा एंट्री की जा सकेगी. इसके कारण कई नए आवेदक प्रखंड, अंचल कार्यालय और जिला मुख्यालय के चक्कर लगा रहे हैं.