Stock Market: घरेलू शेयर बाजार के लिए अगला सप्ताह काफी अहम रहने वाला है। निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता और घरेलू आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी। इन घटनाक्रमों के आधार पर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है और निवेशकों की रणनीति भी इन्हीं संकेतों पर निर्भर करेगी।
अमेरिका-ईरान वार्ता पर टिकी बाजार की नजर
अगले हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता बाजार की प्रमुख चिंताओं में शामिल रहेगी। विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों देश समझौते के अंतिम चरण में हैं और जल्द ही युद्ध समाप्ति को लेकर कोई बड़ी डील सामने आ सकती है। इस घटनाक्रम का असर वैश्विक बाजारों के साथ-साथ कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
फेड बैठक में ब्याज दरों पर रहेगा फोकस
अमेरिकी फेड की बैठक 16-17 जून को होने वाली है। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कच्चे तेल के दाम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं और महंगाई बढ़ने की आशंका बनी हुई है। यदि फेड ब्याज दरों में बढ़ोतरी का संकेत देता है या सख्त रुख अपनाता है, तो इसका असर वैश्विक शेयर बाजारों समेत भारतीय बाजार पर भी नकारात्मक पड़ सकता है।
आर्थिक आंकड़ों और मजबूत क्लोजिंग से बढ़ी उम्मीदें
घरेलू स्तर पर 15 से 19 जून के बीच थोक महंगाई, आयात-निर्यात, व्यापार संतुलन और विदेशी मुद्रा भंडार जैसे अहम आंकड़े जारी होंगे। वहीं बीते सप्ताह बाजार ने शानदार मजबूती दिखाई। सेंसेक्स 1,284.61 अंक चढ़कर 75,527.95 और निफ्टी 256.20 अंक बढ़कर 23,622.90 पर बंद हुआ। शुक्रवार को सेंसेक्स 1,695.40 अंक और निफ्टी 461.30 अंक उछला, जबकि बजाज फाइनेंस सबसे बड़ा गेनर रहा। इससे नए सप्ताह के लिए निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।