Jamshedpur News: जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तर-पूर्व गदरा पंचायत के गदरा गांव में जलापूर्ति व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है. गांव के बीच टोला में पिछले 15 महीनों से पानी की मुख्य पाइपलाइन फटी हुई है, जिससे रोजाना हजारों लीटर पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार सालखु बरदा के घर के सामने से गुजर रही जलापूर्ति पाइप में लंबे समय से खराबी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभागीय स्तर पर अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई. गर्मी और जल संकट के बीच पानी की इस बर्बादी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है.
मजबूरी में गंदा पानी जमा कर रहे ग्रामीण
पाइपलाइन फटने के कारण पानी आगे गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है. ऐसे में कई ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय महिलाओं का कहना है कि जल संकट के बीच उन्हें सड़क पर बह रहे गंदे पानी को बर्तनों में जमा कर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक ओर लोग पानी के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर स्वच्छ पानी रोज बर्बाद हो रहा है.
मामले को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के बाद पीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार के जेजेएमएच के संयुक्त सचिव अनिल कुमार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. पीएमओ ने जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा है. अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि लंबे समय से खराब पड़ी पाइपलाइन की जल्द मरम्मत कर जल बर्बादी रोकी जाएगी.