Koderma News: कोडरमा में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर बायोमेट्रिक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है. राज्य स्तर पर हुई समीक्षा में कोडरमा जिले में ऑनलाइन उपस्थिति की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है.
मई माह में ऑनलाइन हाजिरी नहीं बनाने या कम दिनों की उपस्थिति दर्ज करने वाले जिले के 310 शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है. विभाग ने संबंधित शिक्षकों से जवाब देने को कहा है.
60 शिक्षकों ने नहीं बनाई एक भी दिन ऑनलाइन उपस्थिति
विभागीय जानकारी के अनुसार, मई महीने में कुल 16 कार्यदिवस थे. समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले के 60 शिक्षकों ने ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर एक दिन भी अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की.
वहीं, 250 शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति महज एक से 10 दिनों के बीच दर्ज पाई गई. इसे लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को नोटिस भेजकर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है.
राज्य समीक्षा बैठक के बाद शुरू हुई कार्रवाई
बताया गया कि हाल ही में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव की समीक्षा बैठक में कोडरमा जिले की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था पर नाराजगी जताई गई थी. इसके बाद राज्य स्तर से जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया गया, जिसके बाद जिला स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई.
शिक्षकों ने बताई तकनीकी और अन्य वजहें
वहीं, शिक्षकों ने भी अपना पक्ष रखा है. उनका कहना है कि मई महीने में तीन दिन जनगणना प्रशिक्षण में शिक्षक शामिल थे. इसके अलावा एक दिन विभागीय परीक्षा भी आयोजित हुई थी.
कई शिक्षक विशेष अवकाश या आकस्मिक अवकाश पर थे, जबकि कुछ शिक्षक जिला शिक्षा कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर काम कर रहे थे. शिक्षकों ने यह भी कहा कि सुदूर क्षेत्रों में नेटवर्क और तकनीकी समस्या के कारण कई बार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है.
अब विभाग के अगले कदम पर नजर
शिक्षकों का कहना है कि सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाना चाहिए. इधर, शनिवार शाम तक अधिकांश शिक्षकों ने अपना जवाब विभाग को सौंप दिया है. अब विभाग जवाबों की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई करेगा.