Jamshedpur News: बिरसानगर स्थित पीएम आवास योजना के तहत आवंटित फ्लैटों का इंतजार कर रहे लाभुकों को आखिरकार 19 जून को चाबी मिल जाएगी। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शनिवार को विधायक सरयू राय को फोन पर इसकी जानकारी दी। मंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि फ्लैटों में मौजूद टूट-फूट और अन्य मरम्मत कार्य सरकारी खर्च पर कराए जाएंगे। इस निर्णय पर विधायक सरयू राय ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
19 जून को लाभुकों को सौंपी जाएगी फ्लैट की चाबी
सरयू राय ने बताया कि मंत्री ने कहा है कि इस संबंध में विभाग जल्द ही संबंधित अधिकारियों को आधिकारिक निर्देश जारी करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 19 जून को हर हाल में लाभुकों को उनके आवंटित फ्लैटों की चाबी सौंप दी जाएगी। इससे लंबे समय से अपने घर की प्रतीक्षा कर रहे लाभार्थियों की मांग पूरी होने जा रही है।
राज्यसभा चुनाव के कारण बढ़ी तारीख
जानकारी के अनुसार, पहले लाभुकों को 31 मई तक चाबी देने की बात कही गई थी, बाद में इसे 15 जून से पहले करने का आश्वासन दिया गया। अब राज्यसभा चुनाव और 18 जून को होने वाले मतदान को देखते हुए कार्यक्रम को 19 जून तक स्थगित किया गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभुकों को चाबी सौंप दी जाएगी, जिससे उनकी वर्षों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त हो जाएगी।