Jamshedpur News: जमशेदपुर के दलमा वन्यजीव अभयारण्य में इन दिनों नन्हा हाथी “बादल” पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अपनी चंचल हरकतों, मासूम अदाओं और शरारती स्वभाव से वह हर किसी का दिल जीत रहा है। जंगल की वादियों में उछल-कूद करता यह नन्हा गजराज अब दलमा की नई पहचान बनता जा रहा है।
रेस्क्यू के बाद मिली नई जिंदगी
करीब छह माह पहले पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा क्षेत्र के जंगलों में बादल घायल और असहाय अवस्था में मिला था। वन विभाग की टीम ने उसका रेस्क्यू कर दलमा लाकर इलाज शुरू कराया। विशेषज्ञों की देखरेख, बेहतर पोषण और विशेष देखभाल के बाद बादल अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है और तेजी से विकसित हो रहा है।
फुटबॉल और स्विमिंग का शौकीन है बादल
स्वस्थ होने के साथ ही बादल की चंचलता भी लौट आई है। वह अपने महावतों और वनकर्मियों के साथ खेलता-कूदता नजर आता है। फुटबॉल के प्रति उसका खास लगाव पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। वहीं गर्मी के दिनों में स्विमिंग पूल में उसकी अठखेलियां लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं। उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
पर्यटकों का चहेता बना नन्हा गजराज
दलमा आने वाले पर्यटक अब सिर्फ जंगल सफारी ही नहीं, बल्कि नन्हे बादल की एक झलक पाने के लिए भी उत्सुक रहते हैं। बच्चों और परिवारों के बीच उसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। डीएफओ सबा आलम अंसारी के अनुसार, बादल पूरी तरह स्वस्थ है और तेजी से बढ़ रहा है। दलमा में पहले से मौजूद हथिनी “रजनी” के साथ अब बादल भी पर्यटकों का पसंदीदा बन गया है, जिससे अभयारण्य की रौनक और बढ़ गई है।