Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी स्वर्गीय भजोहरि माहली की पुत्री अल्पना माहली ने कपाली थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि 15 जून 2026 को कपाली पुलिस ने उसे फोन कर पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाया था। बताया गया था कि उसकी एक सहेली के लापता होने के मामले में उससे जानकारी ली जानी है। पीड़िता का आरोप है कि कपाली ओपी पहुंचने के बाद उसे थाना प्रभारी धीरंजन कुमार के कमरे में ले जाया गया, जहां करीब तीन घंटे तक बंद कमरे में उसके साथ मारपीट की गई। आरोप के अनुसार इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों के अलावा कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने भी उसके साथ मारपीट की।
परिजनों ने जताई चिंता, इलाज की बताई जरूरत
परिजनों का कहना है कि कथित मारपीट के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई है और उसे चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और आदिवासी समाज में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और उपायुक्त से मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़िता को समुचित इलाज, सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराया जाए। मामले में अब तक कपाली पुलिस अथवा जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन और पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।