California B-52 Crash : अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस के पास सोमवार को बड़ा विमान हादसा हो गया. उड़ान भरने के कुछ समय बाद अमेरिकी वायुसेना का B 52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बॉम्बर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में विमान में मौजूद सभी 8 लोगों की जान चली गई. घटना के बाद राहत और बचाव टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई.
हादसे के बाद एयरबेस बंद, इलाके में दिखा धुएं का गुबार
विमान दुर्घटना के बाद एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस पर अस्थायी रोक लगा दी गई है. आने वाले विमानों का रूट बदला जा रहा है, जबकि गैर व्यावसायिक आगंतुकों की एंट्री अगले आदेश तक निलंबित कर दी गई है. प्रत्यक्षदर्शियों और हवाई फुटेज में घटनास्थल के आसपास जला हुआ बड़ा हिस्सा दिखाई दिया. दुर्घटना के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठता नजर आया और कई आपातकालीन वाहन मौके पर तैनात किए गए.
क्यों खास है एडवर्ड्स एयरबेस और कितना ताकतवर है B 52 बॉम्बर
लॉस एंजिल्स से करीब 161 किलोमीटर दूर स्थित एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस अमेरिकी सैन्य इतिहास का अहम केंद्र माना जाता है. वर्ष 1947 में इसी जगह से पायलट चक यीगर ने पहली बार ध्वनि की गति पार करने का रिकॉर्ड बनाया था. वहीं B 52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस ने पहली उड़ान 1954 में भरी थी और आज भी यह अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख लंबी दूरी के बॉम्बर विमानों में गिना जाता है. करीब 159 फीट लंबे इस विमान की कॉम्बैट रेंज 8800 मील तक है और यह बमों, क्रूज मिसाइलों के साथ परमाणु हथियार ले जाने में भी सक्षम है. अमेरिका इसे वियतनाम युद्ध, खाड़ी युद्ध, इराक और अफगानिस्तान समेत कई सैन्य अभियानों में इस्तेमाल कर चुका है.
अमेरिकी वायुसेना के सबसे अहम विमानों में शामिल B 52 के हादसे ने सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल अधिकारियों का पूरा ध्यान राहत कार्य और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने पर है.