Jamshedpur: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित मानगो बस स्टैंड में सोमवार शाम एक युवक की हरकतों से लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोरी के संदेह में पकड़े गए युवक ने अचानक धारदार वस्तु से खुद को चोट पहुंचा ली, जिससे उसके शरीर पर कई जगह जख्म हो गए और वह खून से लथपथ हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल युवक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था और अस्पताल पहुंचने के बाद भी उसका व्यवहार सामान्य नहीं था।
अस्पताल में भी करता रहा हंगामा
अस्पताल में इलाज के दौरान युवक लगातार शोर-शराबा और हंगामा करता रहा। पुलिसकर्मी और अस्पताल कर्मी उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। उसकी हरकतों के कारण अस्पताल परिसर में भी कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। इसी बीच युवक ने गुटखा खाने की बात कहकर अस्पताल परिसर से बाहर निकलने की कोशिश की और मुख्य सड़क की ओर भाग गया। युवक के भागने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े। स्थानीय लोगों की मदद से कुछ दूरी पर उसे फिर से पकड़ लिया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने लिया कब्जे में
दोबारा पकड़ने के बाद युवक को वापस अस्पताल लाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक नशे का आदी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के खिलाफ किस प्रकार की शिकायत मिली थी और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।