Jamshedpur Kids Camp: जमशेदपुर में नेचुरल स्माइल फाउंडेशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर 2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया. इस शिविर में मानगो, किटाडीह, नीलडीह, धातकीडीह, परसूडीह, बारीडीह समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 80 बच्चों ने हिस्सा लिया. समापन के दौरान बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला.
अंतिम दिन बच्चों ने पार्क में खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों का जमकर आनंद लिया
शिविर के दूसरे और अंतिम दिन बच्चों को चिल्ड्रेन पार्क ले जाया गया, जहां उनके लिए विभिन्न खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया. बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सभी कार्यक्रमों में भाग लिया और दिनभर आनंदमय माहौल बना रहा.
प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी, मनोरंजक खेल और अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए. इसके साथ ही शिविर में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार और प्रमाण पत्र वितरण के साथ ग्रीष्मकालीन शिविर 2026 का औपचारिक समापन किया गया.
बच्चों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है, बोले संस्थापक राज गुप्ता
नेचुरल स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक राज गुप्ता ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित बच्चों को सीखने, आगे बढ़ने और जीवन में सकारात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देना है. उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखना ही संस्था की सबसे बड़ी उपलब्धि है. इस आयोजन को सफल बनाने में प्रवीण कुमार, सौरव, मिथलेश, अरविंद, संजीव, ममता, नीलम, उमा, श्रुति, जे पी निराला समेत अन्य स्वयंसेवकों ने अहम भूमिका निभाई. संस्था ने सभी अभिभावकों, सहयोगकर्ताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बच्चों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया.
नेचुरल स्माइल फाउंडेशन का यह ग्रीष्मकालीन शिविर बच्चों के लिए सीखने, मनोरंजन और सकारात्मक अनुभवों का एक खास मंच साबित हुआ. संस्था आने वाले समय में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने की तैयारी में है.