Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-16

Ranchi News: रांची वीमेंस कॉलेज में स्नातक नामांकन की प्रक्रिया शुरू, 3210 सीटों पर होगा दाखिला

Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले रांची वीमेंस कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. छात्राएं चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. महिला शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाले इस कॉलेज में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विभिन्न विषयों में छात्राओं को नामांकन का अवसर मिलेगा.

कॉलेज प्रशासन के अनुसार इच्छुक छात्राएं 29 जून 2026 तक चांसलर पोर्टल पर आवेदन कर सकती हैं. प्राप्त आवेदनों के आधार पर कॉलेज की ओर से पहली चयन सूची 3 जुलाई को जारी की जाएगी. चयनित छात्राओं के दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया 4 जुलाई से शुरू होकर 14 जुलाई तक चलेगी.

रांची वीमेंस कॉलेज में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए कुल 3210 सीटें निर्धारित की गई हैं. विज्ञान संकाय में भौतिकी और रसायन विज्ञान में 120-120 सीटें, गणित में 180, लाइफ साइंस में 240 और भूगोल में 120 सीटों पर दाखिला लिया जाएगा. इसके अलावा स्ववित्तपोषित बीसीए पाठ्यक्रम में भी 120 सीटें उपलब्ध हैं.

कला संकाय में इतिहास और राजनीति विज्ञान में 180-180 सीटें निर्धारित हैं, जबकि समाजशास्त्र, मनोविज्ञान और दर्शनशास्त्र में 120-120 सीटों पर नामांकन होगा. भाषा विषयों में हिंदी और अंग्रेजी के लिए 180-180 सीटें, जबकि उर्दू और संस्कृत विषय में 60-60 सीटें उपलब्ध हैं.

कॉलेज में क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स और म्यूजिक जैसे विषयों में भी छात्राओं के लिए 120-120 सीटें रखी गई हैं. वहीं वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान से जुड़े पाठ्यक्रमों में कॉमर्स की 240, अर्थशास्त्र की 180 और स्ववित्तपोषित बीबीए पाठ्यक्रम में 180 सीटें निर्धारित की गई हैं.

इसके अलावा होम साइंस में 120 सीटों पर नामांकन होगा. क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा के तहत कुड़ुख और नागपुरी विषयों में 60-60 सीटें उपलब्ध हैं.

रांची वीमेंस कॉलेज में एकीकृत शिक्षक शिक्षा पाठ्यक्रम की सुविधा भी दी जा रही है. स्ववित्तपोषित बीए-बीएड, बीएससी-बीएड और बीकॉम-बीएड पाठ्यक्रमों में 50-50 सीटों पर छात्राओं का नामांकन लिया जाएगा.

कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और चयन सूची में नाम आने के बाद जरूरी दस्तावेजों के साथ सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करें.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !