Seraikela: उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने नीमडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान ग्राम बेड़ेदा और केंदडीह में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया गया। मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के बेड़ेदा और केंदडीह गांव में विशेष अभियान चलाया गया।
बरामद सामग्री मौके पर ही की गई नष्ट
छापेमारी के दौरान बरामद अवैध शराब निर्माण सामग्री और जावा महुआ को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही अवैध चुलाई में इस्तेमाल हो रहे उपकरणों को भी ध्वस्त कर दिया गया। उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों और इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले सभी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।