Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे आठ आश्रितों को सोमवार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया. कुलपति प्रो. सरोज शर्मा की पहल पर वर्षों से लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आठ मामलों में आश्रितों को विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालय कार्यालयों में पदस्थापित किया है.
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे आवेदकों को नियुक्ति प्रदान कर उन्हें संतोष और खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरी हों.
कुलपति ने नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार शर्मा ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए. नियुक्त किए गए आठ आश्रितों में पांच को लिपिक (एलडीसी) और तीन को परिचारी (प्योन) पद पर नियुक्ति दी गई है.
लिपिक पद पर विशाल कुमार को रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू सेक्शन में, कुमार पराग को केसीबी कॉलेज बेड़ो, अभिषेक को एसएस मेमोरियल कॉलेज, रोहित कुमार को रांची वीमेंस कॉलेज और मिट्ठू प्रामाणिक को पीपीके कॉलेज बुंडू में पदस्थापित किया गया है.
वहीं परिचारी पद पर अशिवन केरकेट्टा को सिमडेगा कॉलेज, अर्जिता राज को जेएन कॉलेज धुर्वा और मुनी देवी को मारवाड़ी कॉलेज रांची में नियुक्ति मिली है.
विश्वविद्यालय प्रशासन के इस कदम से लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे आश्रित परिवारों को राहत मिली है.