Jamshedpur News: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एक कथित वीडियो पत्रकार के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि पिछले एक महीने से उन पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं और उनकी तस्वीरों को गलत संदर्भों से जोड़कर पेश किया जा रहा है. उन्होंने मामले में आपराधिक कार्रवाई की मांग की है.
पहले इशारों में निशाना बनाया, अब सीधे झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं
सरयू राय ने कहा कि संबंधित व्यक्ति पहले परोक्ष रूप से उन्हें निशाना बनाता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से अधूरी और तथ्यहीन जानकारियों के आधार पर सीधे आरोप लगाने लगा है. उन्होंने बताया कि काफी समय तक वह इसे नजरअंदाज करते रहे, लेकिन मामला सीमा पार करने पर उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया.
पुलिस से मांग, आरोप साबित करे या चरित्र हनन के मामले में मुकदमा चले
विधायक ने कहा कि पुलिस संबंधित व्यक्ति से उसके दावों के समर्थन में प्रमाण मांगे. यदि वह सबूत पेश नहीं कर पाता है तो उसके खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत जानबूझकर चरित्र हनन और झूठी बातें फैलाने की साजिश के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए.
पहले भी कई बार हुए ऐसे हमले, सरयू राय बोले बिना सबूत आरोप लगाने वालों को माफी मांगनी होगी
सरयू राय ने कहा कि जनहित से जुड़े भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मुद्दे उठाने के दौरान पहले भी कई बार राजनीतिक और निजी स्वार्थ से प्रेरित होकर उन पर आरोप लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों को अपने दावों के समर्थन में सबूत देना चाहिए. यदि प्रमाण नहीं हैं तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा अदालत में कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा.
सरयू राय ने साफ किया कि वह बिना प्रमाण लगाए जाने वाले आरोपों को स्वीकार नहीं करेंगे और ऐसे मामलों में कानूनी रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने आरोप लगाने वालों से जिम्मेदारी के साथ तथ्य सामने रखने की अपील की.