Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुख्यालय के कार्यालय समय में बदलाव को लेकर नया आदेश जारी किया है। इसके साथ ही इस संबंध में पूर्व में जारी सभी अधिसूचनाओं को निरस्त कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय स्थित शहीद चौक कार्यालय अब प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि नए समय के अनुसार सभी प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्य संपादित किए जाएंगे।
महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहेगा कार्यालय
नए आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार को विश्वविद्यालय मुख्यालय कार्यालय में अवकाश रहेगा। इन दिनों कार्यालय का संचालन नहीं किया जाएगा, जबकि अन्य कार्य दिवसों में निर्धारित समय के अनुसार कार्य संपादित होंगे।
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित विभागों को नए प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का कहना है कि कार्यालय समय से जुड़े नियमों का अनुपालन सभी के लिए अनिवार्य होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी विभागों को इसकी सूचना भेज दी गई है।