Ranchi News : रांची विश्वविद्यालय के नए रजिस्ट्रार का पहला आधिकारिक आदेश जारी होते ही चर्चा का विषय बन गया है। विश्वविद्यालय मुख्यालय से जारी अधिसूचना में स्वयं विश्वविद्यालय के नाम की अंग्रेजी स्पेलिंग में त्रुटि पाए जाने के बाद शिक्षकों, छात्रों और प्रशासनिक हलकों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि रजिस्ट्रार के पदभार संभालने के बाद जारी इस आदेश में कार्यालय समय से संबंधित निर्देश दिए गए हैं, लेकिन नोटिस में हुई स्पेलिंग की गलती लोगों की नजर से नहीं बच सकी। इसी वजह से आदेश सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
मुख्यालय के कार्यालय समय में किया गया बदलाव
जारी आदेश के अनुसार रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय स्थित शहीद चौक कार्यालय अब सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होगा। इसके अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस आदेश के साथ पूर्व में जारी संबंधित अधिसूचनाओं को निरस्त कर दिया है।
छोटी गलती पर बड़े सवाल
विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के आधिकारिक दस्तावेज में स्पेलिंग की त्रुटि सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। शिक्षाविदों का मानना है कि आधिकारिक आदेश जारी करने से पहले दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच होनी चाहिए, ताकि इस प्रकार की त्रुटियों से बचा जा सके।
हालांकि, इस मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।