Jharkhand News: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की पहली सिविल सेवा नियुक्ति परीक्षा से जुड़े कथित घोटाले मामले में बुधवार को सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई हुई. इस दौरान 74 आरोपियों में से 44 आरोपियों ने अदालत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 30 आरोपी अनुपस्थित रहे. मामले की सुनवाई के बाद सीबीआई के विशेष न्यायाधीश की अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 13 जुलाई तय की है.
सभी 74 आरोपियों को जारी हुआ है समन
जेपीएससी प्रथम नियुक्ति घोटाला मामले में अदालत ने सभी 74 आरोपियों के खिलाफ समन जारी किया था. इसके बावजूद बुधवार को सिर्फ 44 आरोपी ही कोर्ट में पहुंचे. अनुपस्थित रहने वाले आरोपियों की स्थिति को लेकर आगे अदालत के निर्देश के बाद कार्रवाई की जाएगी.
पूर्व अध्यक्ष समेत कई अधिकारी हैं आरोपी
इस मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप कुमार प्रसाद, आयोग के सदस्य गोपाल प्रसाद सिंह, शांति देवी, राधा गोविंद सिंह नागेश और परीक्षा नियंत्रक एलिस उषा रानी सिंह समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है. आरोपियों में 47 अधिकारी भी शामिल हैं.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने की थी जांच
जेपीएससी प्रथम सिविल सेवा नियुक्ति घोटाले की जांच हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई को सौंपी गई थी. करीब 12 साल बाद सीबीआई ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी. अब विशेष अदालत में आरोपियों की पेशी और आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी है.