Ranchi News : रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की कथित कोशिश को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए विशेष जांच दल (SIT) के गठन और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
रघुवर दास ने कहा कि यह हमला केवल आरएसएस के कार्यालय पर नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद पर हमला है। उन्होंने कहा कि यदि पेट्रोल बम फट जाता तो जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती थी। सौभाग्य से बम नहीं फटा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि इस घटना से आसपास के लोगों में भी भय और दहशत का माहौल है।
SIT गठन और त्वरित कार्रवाई की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोषियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जिहादी मानसिकता वाले अपराधियों पर हो सख्त कार्रवाई
रघुवर दास ने अपने बयान में कहा कि राज्य सरकार को "जिहादी मानसिकता वाले दोषियों" को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी व्यक्ति या संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के संबंध में अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।