Entertainment News: सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के बीच नई कहानी लेकर लौट रही है. आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही फिल्म बंटवारा 1947 को लेकर पहले से ही चर्चा का माहौल बना हुआ है. मोशन पोस्टर जारी होने के बाद अब फिल्म के प्रमुख कलाकारों के किरदारों की पहली झलक सामने आ गई है. अलग अलग पोस्टर्स में सभी कलाकार अपने किरदारों के अनुरूप नजर आ रहे हैं, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है.
शबाना आजमी और सनी देओल के लुक में दिखी कहानी की भावनात्मक परत
फिल्म में शबाना आजमी दुर्गावती देवी उर्फ माई की भूमिका निभा रही हैं. उनके पोस्टर में बेहद सादगी भरा रूप देखने को मिला है. सफेद साड़ी में नजर आ रहीं शबाना के चेहरे के भाव उनके किरदार के संघर्ष और दर्द को बयां करते हैं.
वहीं सनी देओल सिकंदर मिर्जा के किरदार में दिखाई देंगे. जारी किए गए पोस्टर में वह भावुक मुद्रा में नजर आ रहे हैं. उनके चेहरे के हावभाव से संकेत मिलता है कि कहानी विभाजन के कठिन दौर में इंसानियत और हिम्मत की मिसाल पेश करने वाले एक शख्स के इर्द गिर्द घूमती है.
प्रीति जिंटा और करण देओल के किरदारों ने भी खींचा ध्यान
कई साल बाद फिल्मों में वापसी कर रहीं प्रीति जिंटा इस फिल्म में हमीदा बेगम का किरदार निभा रही हैं. पोस्टर में उनका गंभीर और भावनात्मक अंदाज दिखाई देता है. सिर पर पल्लू और चेहरे पर चिंता के भाव उनके किरदार की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं.
सनी देओल के बेटे करण देओल जावेद मिर्जा की भूमिका में नजर आएंगे. उनका पहला लुक काफी गंभीर दिखाई दे रहा है. माना जा रहा है कि कहानी में उनका किरदार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी निभाएंगे अहम भूमिका, 14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
अली फजल फिल्म में हबीब अनवर के किरदार में दिखाई देंगे. लंबे बाल और गंभीर अभिव्यक्ति के साथ उनका लुक चर्चा में है. वहीं अभिमन्यु सिंह भी फिल्म का हिस्सा हैं. माना जा रहा है कि वह कहानी में विरोधी भूमिका निभाते नजर आएंगे.
स्टार कास्ट के लुक साझा करते हुए मेकर्स ने बताया कि यह कहानी उन लोगों की है जिन्होंने बंटवारे के दौर की पीड़ा और मुश्किलों का सामना किया. फिल्म बंटवारा 1947 सिनेमाघरों में 14 अगस्त को रिलीज की जाएगी.