Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-18

Bihar News: बिलौटी गांव में पुलिस कार्रवाई के बाद तनाव, शाहपुर थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित, परिजनों के विरोध के बाद NH-922 पर आवागमन प्रभावित

Bihar News: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद गुरुवार को भारी हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आरा-बक्सर एनएच-922 को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।


पिता का आरोप, मानसिक रूप से बीमार बेटे को जिंदा पकड़ सकती थी पुलिस
मृतक के पिता काशीनाथ तिवारी ने पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही पुलिस को अपने बेटे की मानसिक स्थिति के बारे में सूचित कर दिया था। पिता का दावा है कि भरत का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और इतनी बड़ी संख्या में पुलिस व एसटीएफ बल की मौजूदगी के बावजूद उसे आसानी से जिंदा गिरफ्तार किया जा सकता था।

"दिनभर थाने में बिठाया, फिर दी पैर में गोली लगने की झूठी खबर"
काशीनाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि वह खुद पुलिस से बेटे को समझाने और पकड़ने की गुहार लगाने थाना गए थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। घटना के दिन उन्हें पूरे दिन थाने में बैठाकर रखा गया और बाद में सिर्फ यह बताया गया कि भरत के पैर में गोली लगी है और इलाज चल रहा है। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें बेटे की मौत की खबर दे दी गई, जिससे परिजन इसे फर्जी एनकाउंटर बता रहे हैं।

फेसबुक लाइव के जरिए पुलिस को चुनौती, आत्मरक्षा में फायरिंग का दावा
घटनाक्रम के मुताबिक, बुधवार को बिलौटी गांव में कई घंटों तक चले इस ड्रामे के दौरान मृतक भरत भूषण तिवारी फेसबुक लाइव के जरिए पुलिस और प्रशासन को चुनौती दे रहा था। पुलिस का दावा है कि भरत ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। वहीं, परिजन पुलिस के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं।

शाहपुर थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड, गांव में तनाव बरकरार
इस पूरे मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भोजपुर एसपी की अनुशंसा पर शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी सत्यप्रकाश ने शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार को निलंबित कर दिया है। इनके साथ ही एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और तीन पुलिस जवानों को भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और गांव में फैले तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !