Rajyasabha Election Update: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां चरम पर हैं। इसी बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के विधायक जयराम महतो के बयान ने चुनावी समीकरणों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मतदान से पहले उन्होंने अपने पत्ते पूरी तरह नहीं खोले, लेकिन इतना जरूर स्पष्ट कर दिया कि उनका समर्थन किसी दल या दबाव के आधार पर नहीं, बल्कि झारखंड के हितों को प्राथमिकता देने वाले उम्मीदवार को मिलेगा। जयराम महतो ने कहा कि राज्यसभा में ऐसा प्रतिनिधि जाना चाहिए जो राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की समस्याओं और जरूरतों को मजबूती से उठा सके। उनका मानना है कि राज्य के विकास, अधिकारों और लंबित मुद्दों को केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवार को ही उनका वोट मिलेगा।
बयान के बाद तेज हुई राजनीतिक चर्चाएं
महतो के इस रुख के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। विभिन्न दलों के समर्थक उनके संभावित रुख को लेकर अपने-अपने कयास लगा रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका समर्थन किस उम्मीदवार के पक्ष में जाएगा, जिससे चुनावी मुकाबले को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। राज्यसभा चुनाव में हर वोट महत्वपूर्ण माना जा रहा है।