Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-18

Jharkhand News: सरयू राय से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक केस में नया मोड़, कर्मचारी शंभू सिंह को आरोपी बनाने की मांग

Jharkhand News: झारखंड के चर्चित विधायक सरयू राय से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक मामले में अब जांच का दायरा बढ़ सकता है. मामले में दस्तावेजों की तस्वीर खींचने वाले कर्मचारी शंभू सिंह को भी आरोपी बनाने की मांग को लेकर एमपी-एमएलए विशेष अदालत में याचिका दाखिल की गई है.

सीआरपीसी की धारा 319 के तहत दायर इस याचिका में अदालत से आग्रह किया गया है कि शंभू सिंह को भी मामले में आरोपी के रूप में शामिल किया जाए. हालांकि इस याचिका पर सरयू राय की ओर से अभी जवाब दाखिल नहीं किया गया है. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 जून की तारीख तय की है.

चार गवाहों ने शंभू सिंह का लिया नाम
अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से दलील दी गई कि अब तक हुई गवाही में चार गवाहों ने शंभू सिंह को गोपनीय दस्तावेजों की फोटो खींचते हुए देखने की बात कही है. अभियोजन पक्ष इस मामले में जांच अधिकारी समेत कुल 12 गवाहों के बयान अदालत में दर्ज करा चुका है.

2022 में दर्ज हुई थी एफआईआर
गौरतलब है कि मई 2022 में स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव की शिकायत पर रांची के डोरंडा थाना में सरयू राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. आरोप लगाया गया था कि सरकारी गोपनीय दस्तावेजों को हासिल कर उन्हें सार्वजनिक किया गया.

मामला उस वक्त चर्चा में आया था जब सरयू राय ने इन दस्तावेजों के आधार पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर कोरोना काल के दौरान कोविड प्रोत्साहन राशि वितरण में अनियमितता के आरोप लगाए थे.

सरयू राय ने दावा किया था कि नियमों को दरकिनार कर करीब 60 लोगों को गलत तरीके से राशि का भुगतान किया गया. अब इस मामले में शंभू सिंह को आरोपी बनाने की मांग के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिक गई हैं. अदालत में अगली सुनवाई 24 जून को होगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !