Jamshedpur: जमशेदपुर शहर में अपराध नियंत्रण और गवाहों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जुगसलाई थाना पुलिस को गुरुवार सुबह बड़ी सफलता मिली। पार्वती घाट के समीप चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक 17 वर्षीय किशोर को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना कांड संख्या 112/25 के कुछ आरोपी, जो हाल ही में जेल से बाहर आए हैं, हथियारों के साथ बिष्टुपुर से पार्वती घाट होते हुए जुगसलाई क्षेत्र में आवाजाही कर रहे हैं। आरोप था कि वे मामले के गवाहों को प्रभावित करने और उन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पार्वती घाट के पास चलाया गया विशेष अभियान
गठित टीम ने पार्वती घाट क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध किशोर को रोका गया। पूछताछ में उसने अपनी उम्र 17 वर्ष बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस मामले में कृष्ण कुमार यादव के लिखित आवेदन के आधार पर जुगसलाई थाना में दिनांक 18 जून 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a), 26 और 35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और अनुसंधान जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार का उपयोग किसी आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था।