Seraikela News: शुक्रवार को चौका थाना पुलिस द्वारा प्लस टू हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक, कानूनी और सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने नशा मुक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा और बाल विवाह कानूनों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान डायन प्रथा रोकथाम अधिनियम, बाल विवाह निषेध, महिला अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों को समझाते हुए बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने महिलाओं के अधिकारों और उनके संरक्षण के लिए बने कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की।
साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और अफवाहों से बचाव की दी जानकारी
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्रों को साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए और शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी गई। इसके अलावा बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। आपात स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और डायल-112 के उपयोग की भी जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा और गुड सेमेरिटन अधिकारों पर भी किया गया जागरूक
पुलिस पदाधिकारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर देते हुए दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन गुड सेमेरिटन के अधिकारों से भी छात्रों को अवगत कराया। थाना प्रभारी ने कहा कि जागरूकता ही अपराध नियंत्रण का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।