Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-19

Jamshedpur News: प्रधानमंत्री आवास योजना से 340 परिवारों का सपना हुआ साकार, बिरसानगर में मिली अपने घर की चाबी

Jamshedpur: अपना घर हर व्यक्ति का सपना होता है और शुक्रवार को जमशेदपुर के 340 परिवारों का यह सपना साकार हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर मोहरदा में निर्मित आवासीय परिसर में पहले चरण के लाभुकों को फ्लैट की चाबी सौंप दी गई। नए घर में प्रवेश करते ही लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और वर्षों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन बिरसानगर मोहरदा में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से किया। वहीं, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की रस्म पूरी कराई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लाभुक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

पहले चरण में 340 लाभुकों को मिली चाबी
परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैट तैयार किए गए हैं। इनमें से जिन 340 लाभुकों ने बैंक की निर्धारित किश्त जमा कर दी थी, उन्हें पहले चरण में उनके फ्लैट की चाबी सौंप दी गई। शेष लाभुकों को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से आवास उपलब्ध कराया जाएगा। यह परियोजना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित की गई है। इसकी आधारशिला तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में रखी गई थी। हालांकि निर्माण कार्य पूरा होने में अपेक्षा से अधिक समय लगा, लेकिन अब यह परियोजना धरातल पर उतर चुकी है और लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है।

वर्षों बाद मिला अपना आशियाना
नए घर की चाबी मिलने के बाद लाभुकों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई परिवारों ने बताया कि वे वर्षों से किराए के मकानों में रह रहे थे और अपना घर होना उनके लिए एक सपना था, जो अब पूरा हो गया है। लाभुकों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें किफायती दर पर बेहतर आवास मिला है, जिससे उनके परिवार को सुरक्षित और स्थायी ठिकाना मिल गया है। लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आवास उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि वर्षों की प्रतीक्षा के बाद उन्हें अपना घर मिला है। कई परिवारों ने इसे अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए खुशी जाहिर की।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !