Jamshedpur News : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित वोल्टास गोलचक्कर के पास शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। समय रहते ट्रेलर डिवाइडर से टकरा जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
केबिन में फंसे चालक को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बिष्टुपुर की ओर जा रहा था। वोल्टास गोलचक्कर के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर के केबिन में फंस गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
क्रेन से हटाया गया ट्रेलर, पुलिस जांच में जुटी
घटना के समय सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रेलर डिवाइडर से नहीं टकराता तो कई वाहन उसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना में चालक के अलावा किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।