Jamshedpur News : जमशेदपुर के पूर्व सांसद स्वर्गीय सुनील महतो हत्याकांड की मुख्य आरोपी और 10 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली शकुंतला महतो उर्फ पुष्पा ने आखिरकार आत्मसमर्पण कर दिया है। लंबे समय से फरार चल रही शकुंतला की तलाश झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही थीं। आत्मसमर्पण के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
2007 में सुनील महतो हत्याकांड में आया था नाम
शकुंतला महतो का नाम वर्ष 2007 में घाटशिला के बड़ाबांकी फुटबॉल मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुए पूर्व सांसद सुनील महतो की हत्या के मामले में सामने आया था। इस हमले में सुनील महतो के दो अंगरक्षकों समेत कई लोगों की भी मौत हुई थी। घटना के बाद वह भूमिगत हो गई और नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रही।
कोलकाता में बदल ली थी पहचान, गैस वितरण का कर रही थी काम
जांच एजेंसियों के अनुसार, फरारी के दौरान शकुंतला महतो ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में नई पहचान के साथ सामान्य जीवन जीने की कोशिश की। वहां वह सिलेंडर सप्लाई और घरेलू गैस वितरण से जुड़ा काम कर अपना जीवनयापन कर रही थी। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की लगातार निगरानी और बढ़ते दबाव के बीच उसने आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि शकुंतला महतो का आत्मसमर्पण नक्सल विरोधी अभियान और पूर्व सांसद सुनील महतो हत्याकांड की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब जांच एजेंसियां उससे संगठन, सहयोगियों और अन्य मामलों से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाने में लगी हैं।