Jharkhand News: झारखंड में जिन थाना भवनों का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है, उनके काम को जल्द पूरा कराने के लिए पुलिस मुख्यालय ने पहल तेज कर दी है. इसको लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक में डीजीपी ने कहा कि जिन थाना भवनों का निर्माण लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए. उन्होंने खास तौर पर उन मामलों पर ध्यान देने को कहा, जहां जमीन से जुड़ी समस्या के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है.
भूमि विवाद वाले मामलों का जल्द हो समाधान
डीजीपी ने सभी एसपी को निर्देश दिया कि वे संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर भूमि से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराएं और जरूरी एनओसी समेत अन्य औपचारिकताएं जल्द पूरी कराएं. जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण एजेंसियों के माध्यम से थाना भवनों का काम शुरू कराया जाएगा.
पुलिस मुख्यालय का लक्ष्य है कि राज्य के सभी थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस बेहतर भवन उपलब्ध कराया जा सके, जिससे पुलिसकर्मियों को काम करने में सुविधा मिले और आम लोगों को भी बेहतर सेवाएं मिल सकें.
जर्जर थाना भवनों की भी होगी मरम्मत
समीक्षा बैठक में जर्जर हालत में पहुंच चुके थाना भवनों को लेकर भी चर्चा हुई. निर्णय लिया गया कि ऐसे भवनों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा.
इसके लिए सभी जिलों से जर्जर थाना भवनों की रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि जरूरत के अनुसार कार्रवाई की जा सके.
बेहतर आधारभूत संरचना से मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि मजबूत आधारभूत संरचना से कानून-व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी. डीजीपी ने सभी एसपी को थाना भवन निर्माण और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा इसकी प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया है.