Jharkhand News: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 18 से 20 जुलाई तक आयोजित की जाएगी. आयोग ने परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं. इससे पहले आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के संशोधित मॉडल उत्तर जारी किए हैं.
आयोग ने पहले सामान्य अध्ययन (प्रथम पत्र) और सामान्य अध्ययन (द्वितीय पत्र) के मॉडल उत्तर जारी कर अभ्यर्थियों से 20 से 24 अप्रैल तक आपत्तियां मांगी थीं. प्राप्त आपत्तियों को विषय विशेषज्ञों के माध्यम से जांचने के बाद आयोग ने दोनों पत्रों का अंतिम मॉडल उत्तर 26 मई को जारी किया था.
आपत्तियों के बाद दोबारा हुई समीक्षा
अंतिम मॉडल उत्तर जारी होने के बाद भी अभ्यर्थियों की ओर से कुछ आपत्तियां दर्ज कराई गईं. आयोग ने इन आपत्तियों पर फिर से विषय विशेषज्ञों से समीक्षा कराई.
समीक्षा के बाद आयोग ने सामान्य अध्ययन द्वितीय पत्र का संशोधित मॉडल उत्तर जारी किया है. संशोधित मॉडल उत्तर में भी दोनों प्रश्नपत्रों से दो-दो प्रश्न हटाए गए हैं.
मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटा आयोग
JPSC अब सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटा है. मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए जल्द ही परीक्षा से संबंधित अन्य दिशा-निर्देश भी जारी किए जा सकते हैं.