Ranchi News : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने राज्य के कारागारों (जेलों) में पारा डॉक्टर की भर्ती के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग की ओर से जारी आवश्यक सूचना संख्या-04 में परीक्षा की तिथि, एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई है।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या-09/2025 के अनुसार, झारखंड के विभिन्न कारागारों में पारा डॉक्टर के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 10 जुलाई 2025 को किया जाएगा। परीक्षा कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) मोड में होगी और इसका आयोजन रांची जिले के विभिन्न निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।
जुलाई के पहले सप्ताह में जारी होंगे प्रवेश पत्र
जेएसएससी ने बताया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जुलाई के पहले सप्ताह में उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाक या अन्य किसी ऑफलाइन माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
अनुचित साधनों के प्रयोग पर होगी कानूनी कार्रवाई
आयोग ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को सख्त चेतावनी भी जारी की है। नोटिस में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के कदाचार, अनुचित साधनों के प्रयोग या ऐसी कोशिश में शामिल पाए जाने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे मामलों में झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा के नियमों का पालन करने और ईमानदारी के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की है।